राजकुमार
देहरादून। लोकभवन, उत्तराखंड में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह जी से स्टेट प्रेस क्लब उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने स्टेट प्रेस क्लब उत्तराखंड की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में क्लब की भूमिका की सराहना की।
भेंट के दौरान स्टेट प्रेस क्लब उत्तराखंड की ओर से राज्यपाल को लोकभवन की ओर से ब्रह्म कमल के रूप में स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। राज्यपाल महोदय ने इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताते हुए आभार व्यक्त किया।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। निष्पक्ष, जिम्मेदार और संवेदनशील पत्रकारिता से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण, सुरक्षा, प्रशिक्षण और भविष्य को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि स्टेट प्रेस क्लब उत्तराखंड को ओपन यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) करना चाहिए। इससे पत्रकारों को शिक्षा, प्रशिक्षण, शोध, मीडिया स्किल डेवलपमेंट और आधुनिक तकनीकों से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से पत्रकारों के पेशेवर विकास के साथ-साथ उनके करियर और भविष्य को भी मजबूती मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को क्लब की वर्तमान गतिविधियों, पत्रकारों के हित में किए जा रहे प्रयासों, कल्याणकारी योजनाओं एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में स्टेट प्रेस क्लब उत्तराखंड के महामंत्री चंद्रशेखर जोशी, कोषाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पांडे तथा उपाध्यक्ष दीपिका रावत भंडारी उपस्थित रहीं।
भेंट सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। अंत में राज्यपाल महोदय ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी पत्रकारों के कल्याण, प्रशिक्षण एवं सशक्तिकरण से जुड़े हर सकारात्मक प्रयास में राजभवन की ओर से सहयोग प्रदान किया जाएगा।
