राजकुमार
हरिद्वार। सती घाट क्षेत्र में लंबे समय से चल रही अवैध पार्किंग के खिलाफ आवाज उठाना चंडी चौक मैक्स यूनियन के पदाधिकारियों और चालकों को भारी पड़ गया। अवैध पार्किंग के विरोध के बाद शुरू हुआ विवाद अब हिंसक झड़प में तब्दील हो गया है। आरोप है कि बजरंग दल नेता नवीन तेश्वर ने अपने सहयोगियों और बाहरी लोगों के माध्यम से यूनियन से जुड़े चालकों पर लाठी-डंडों से हमला करवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व चंडी चौक मैक्स यूनियन के अध्यक्ष धर्मेंद्र कश्यप ने सती घाट स्थित अवैध पार्किंग को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद से ही बजरंग दल नेता नवीन तेश्वर और यूनियन पदाधिकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
लाठी-डंडों से हमला, तीन गंभीर रूप से घायल
दिनांक 27 जनवरी 2026 को जीतू नामक व्यक्ति द्वारा कोतवाली नगर में दी गई तहरीर में बताया गया कि नवीन तेश्वर और उसके सहयोगी बाबू के इशारे पर कुछ बाहरी लोग एक समूह बनाकर मौके पर पहुंचे और अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में जीतू, कन्हैया उर्फ चोटी और भरत पंजवानी को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पीड़ित जीतू की ओर से नगर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
पहले भी की गई थी प्रशासन से शिकायत
इस पूरे मामले को लेकर यूनियन अध्यक्ष धर्मेंद्र कश्यप का कहना है कि घटना से पूर्व ही उन्होंने माननीया नगर मजिस्ट्रेट महोदया को लिखित शिकायत पत्र सौंपा था। शिकायत में बजरंग दल नेता नवीन तेश्वर पर अवैध पार्किंग संचालित करने, षड्यंत्र के तहत यूनियन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
शिकायत पत्र में नवीन तेश्वर के साथ-साथ उसके कथित सहयोगियों बाबू, लोकेश गिरी, अमित कश्यप, जेकेश गिरी, अंगद सक्सैना, शिवम चंचल सहित अन्य व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।
प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के बाद से स्थानीय यूनियन चालकों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। सवाल यह उठ रहे हैं कि जब अवैध पार्किंग को लेकर पहले ही शिकायतें प्रशासन तक पहुंच चुकी थीं, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। यदि समय पर कार्रवाई होती तो यह हिंसक घटना टाली जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
