राजकुमार
हरिद्वार, 16 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आज पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कानून-व्यवस्था, जनसुनवाई, साइबर अपराध और नशे के खिलाफ निर्णायक निर्देश जारी किए।

बैठक में एसएसपी ने उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनके सर्किल व थानों की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी आपसी सूचना व समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि किसी भी घटना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। एसएसपी ने निर्देशित किया कि साइबर फ्रॉड के मामलों में तत्काल अभियोग पंजीकृत कर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। अभियोग दर्ज करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फरियादी की समस्या का शीघ्र निस्तारण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत करते हुए प्रत्येक थाना प्रभारी को जनता से मिलने के लिए निश्चित समय निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि फरियादी अनावश्यक रूप से परेशान न हों। थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में जिम्मेदार अधिकारी को कार्यभार सौंपा जाए तथा वापसी पर शिकायतों की स्वयं समीक्षा कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। नशे के बढ़ते मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी ने कहा कि केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि नशे के स्रोत तक पहुंचकर अंतिम व्यक्ति तक कार्रवाई करना अनिवार्य होगा। उन्होंने इसे सभी थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी एवं प्राथमिकता बताया।

इसके साथ ही प्रत्येक सर्किल में प्रातः एवं सायं कालीन चेकिंग अभियान नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए, जिसकी समीक्षा पुलिस अधीक्षक नगर एवं देहात स्वयं करेंगे। किसी भी घटना की सूचना तत्काल संबंधित वरिष्ठ अधिकारी को देने पर भी विशेष जोर दिया गया।बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। एसएसपी के सख्त और स्पष्ट निर्देशों से जनपद में प्रभावी पुलिसिंग व जवाबदेही की नई कार्यशैली के संकेत मिले हैं।
