राजकुमार
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के लालपुल के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब भारी मात्रा में इकट्ठा किए गए गोबर के ढेर में एक गाय फंसकर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से गोबर डालकर उसका बड़ा ढेर बनाया जा रहा था, जिससे आसपास गंदगी और खतरे की स्थिति बनी हुई थी।

बताया जा रहा है कि उसी गोबर के ढेर में अचानक एक गाय गिर गई और बाहर निकलने में असमर्थ हो गई। गाय की स्थिति गंभीर होती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना हिंदू क्रांति दल संगठन के जिला अध्यक्ष बक्शी चौहान को दी। सूचना मिलते ही बक्शी चौहान मौके पर पहुंचे और बिना देर किए पुलिस प्रशासन व स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर क्रेन मंगाई गई, जिसके जरिए काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि समय पर किए गए प्रयासों से गाय की जान बच गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम की सराहना की।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा लापरवाहीपूर्वक बड़ी मात्रा में गोबर इकट्ठा किया जा रहा है, जिससे न सिर्फ गंदगी फैल रही है बल्कि ऐसे हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है।
स्थानीय निवासियों और हिंदू क्रांति दल के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत देकर मांग की है कि गोबर इकट्ठा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह की लापरवाही को रोका जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में इससे बड़े हादसे हो सकते हैं।
