(राजकुमार)
हरिद्वार: ज्वालापुर विधान सभा से भारतीय जनता पार्टी के रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन पर दूसरी शादी कर उत्तराखंड में हाल ही में लागू किए गए समान नागरिक संहिता (UCC) कानून का उल्लंघन करने व अनुशासनहीनता का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, राठौर ने पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी कर ली, जो UCC के तहत अवैध माना जाता है।
उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है, जिसके अंतर्गत कोई भी व्यक्ति, जब तक पहली पत्नी से तलाक न ले ले, दूसरी शादी नहीं कर सकता। ऐसे में सुरेश राठौर की दूसरी शादी सीधे तौर पर इस कानून का उल्लंघन मानी जा रही है।

भाजपा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक को “कारण बताओ नोटिस” जारी किया है।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट की ओर से भेजे नोटिस में कहा गया है कि विगत लम्बे समय से आपके अमर्यादित आचरण जो मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से समय-समय पर प्राप्त होते रहते है, आपके सामाजिक कृत्य एवं आचरण के कारण पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। विगत समय की आपकी गतिविधियाँ इस बात को स्पष्ट करती है। यह सार्वजनिक रूप से पार्टी की अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।
इस प्रकरण पर. प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट द्वारा मुझे यह कहने का निर्देश हुआ है कि आप अपने इस कृत्य से सम्बन्धित तथ्य पत्र प्राप्ति के 07 दिनों के भीतर लिखित रूप से कार्यालय को प्रस्तुत करें।

इस पूरे मामले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है
अब देखना यह होगा कि सुरेश राठौर इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं और भाजपा इस मामले में क्या रुख अपनाती है।
