कुलदीप राय
हरिद्वार।श्रमजीवी पत्रकार यूनियन हरिद्वार द्वारा नजदीकी होटल में होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारों एवं गणमान्य अतिथियों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ फूलों की होली खेली। जिसमें छोटे-छोटे नन्हे बच्चों ने भी अपनी प्रतिभागी दिखाई, कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और रंगों की खुशबू से पूरा वातावरण सराबोर हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के हरिद्वार जिला अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पांडे ने की। इस अवसर पर यूनियन के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल एवं पुष्प वर्षा के साथ होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार विधायक मदन कौशिक उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री जगदीश लाल पाहवा तथा संरक्षक श्री रवि बजाज ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। साथ ही एसपी सिटी अभय सिंह एवं एसडीएम हरिद्वार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला त्योहार है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और समाज को सही दिशा दिखाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे आयोजनों से आपसी समन्वय और सौहार्द को बल मिलता है।
एसपी सिटी अभय सिंह ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन हर त्योहार पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि होली प्रेम और सद्भाव का पर्व है, इसे शांति और मर्यादा के साथ मनाया जाना चाहिए।

एसडीएम हरिद्वार ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज में जागरूकता फैलाने में इसकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि होली जैसे पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एकता के रंग में रंगने का संदेश देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा सामूहिक रूप से फूलों की होली खेलकर कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरे आयोजन में सौहार्द, भाईचारा और उत्सव का सुंदर संदेश देखने को मिला।

