राजकुमार
हरिद्वार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह के नेतृत्व में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान SSP ने बताया कि जनपद में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 05 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग, डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर नहर पटरी स्थित श्मशान घाट के पास झाड़ियों में छिपे 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के कब्जे से 3 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपने शौक व नशे की पूर्ति के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें 3 मोटरसाइकिलें कोतवाली रानीपुर क्षेत्र से, 1 थाना सिडकुल, 1 थाना फरीदाबाद, 1 ई-पुलिस स्टेशन दिल्ली और 4 अन्य संदिग्ध चोरी की बाइक शामिल हैं। गिरोह द्वारा चोरी की गई मोटरसाइकिलों को नहर किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा जाता था और बाद में राह चलते लोगों व कबाड़ियों को बेहद कम कीमत में बेच दिया जाता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी रानीपुर, सिडकुल और दिल्ली क्षेत्र से लगातार वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब बरामद अन्य वाहनों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, सहायक उप निरीक्षक सुबोध घिल्डियाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
SSP नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
