हरिद्वार: पारिवारिक विवाद के बाद महिला ने की आत्महत्या, पुलिस जांच जारी

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में शनिवार रात एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मृतका के ससुर द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना धर्मेंद्र शर्मा पुत्र बनवारी लाल शर्मा, निवासी गली नंबर A-4, टिहरी विस्थापित कॉलोनी, ने कोतवाली रानीपुर में उपस्थित होकर दी। उन्होंने बताया कि उनकी बहू अंजली शर्मा पत्नी जितेंद्र शर्मा ने पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी है।
सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां चेतन 21 में नियुक्त पुलिस कर्मी—कांस्टेबल अजीत, सुमित जुयाल, एवं महिला कांस्टेबल मोनिका—पहले से मौजूद थे।

मृतका के ससुर धर्मेंद्र शर्मा, सास लता देवी, चाची सास मीरा देवी, तथा नंदों खुशबू और सपना ने पुलिस को बताया कि मृतका अंजली के चाचा के बेटे की शादी 6 दिसंबर 2025 को चंदौसी में थी। आर्थिक तंगी के कारण अंजली और उसके पति जितेंद्र शर्मा इस शादी में नहीं जा पाए, जिससे घर में तनाव बना हुआ था।
परिजनों के अनुसार, इसी बात को लेकर शुक्रवार रात पति-पत्नी में कहासुनी हुई थी, जिसे मृतका के ससुर ने समझाकर शांत भी कराया। इसके बाद सभी ने साथ में भोजन किया और सामान्य माहौल बन गया था।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतका के पति जितेंद्र शर्मा, जो किराए की गाड़ी चलाते हैं, ने बताया कि वह घटना के समय घर पर नहीं थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि—
“पत्नी मायके की शादी में न जाने से नाराज़ थी। आज दिन में भी वीडियो कॉल पर हमारी बात हुई थी।”

पुलिस ने कमरे की स्थिति का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला तनाव के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि— “परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!