Kuldeep Rai
हरिद्वार। धार्मिक नगरी हरिद्वार में आश्रम पर कब्जे का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। गायत्री विहार, भूपतवाला स्थित जलाराम आश्रम एवं मंदिर के मालिक एवं संरक्षक महाराज प्रेमा नंद ने पुलिस को शिकायत कर अवैध कब्जे की साजिश का आरोप लगाया है।
महाराज का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2018 में अपनी निजी भूमि पर मंदिर और आश्रम का निर्माण कराया था और तब से वे इसकी देखरेख कर रहे हैं। ट्रस्ट की अध्यक्ष बहन गीता बेन हैं। लेकिन, हाल ही में कुछ लोगों ने नाजायज कब्जे की नीयत से आश्रम में घुसपैठ की, उनका सामान बाहर फेंक दिया और उन्हें आश्रम से बाहर करने की कोशिश की।
शिकायत के मुताबिक, इस पूरे विवाद की जड़ में सरोजिनी गिरि नामक महिला है, जो कथित तौर पर हरियाणा की रहने वाली है और हरिद्वार के कई आश्रमों पर कब्जा कर चुकी है। महाराज ने यह भी आरोप लगाया कि इस साजिश में एक प्रॉपर्टी डीलर की अहम भूमिका है।
महाराज प्रेमा नंद का कहना है कि वे शारीरिक रूप से कमजोर हैं और किसी का मुकाबला नहीं कर सकते, इसलिए उन्होंने पुलिस से तुरंत हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाए, तो यह मामला धार्मिक नगरी में बड़े विवाद का रूप ले सकता है।
