राजकुमार
हरिद्वार: गैस उपभोक्ताओं के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने भक्त गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि एजेंसी के गोदाम से सिलेंडर लेने पर उन्हें लगभग 2 से 2.5 किलो तक गैस कम दी जा रही है। इस मामले के उजागर होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जब उन्होंने सिलेंडरों का वजन कराया तो निर्धारित मानक से कम गैस पाई गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि यह कोई एक-दो दिन की बात नहीं, बल्कि लंबे समय से इस प्रकार की अनियमितता जारी है, जिससे आम लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपभोक्ताओं ने जिला खाद्य पूर्ति विभाग को व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में एजेंसी के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
वहीं, जिला खाद्य पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने शिकायत मिलने पर कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों पर नियमित निगरानी रखी जाए और समय-समय पर गोदामों की जांच की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को पूरा और सही वजन का सिलेंडर मिल सके।
इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
