अवैध खनन पर एसएसपी का बड़ा एक्शन, चौकी प्रभारी सहित 6 पुलिसकर्मी निलंबित

हरिद्वार: जनपद में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना झबरेड़ा क्षेत्र की चौकी इकबालपुर में अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इकबालपुर चौकी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। हाल ही में इस संबंध में सूचना मिलने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रारंभिक जांच कराई गई। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया चौकी प्रभारी इकबालपुर और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी हरिद्वार ने सख्त रुख अपनाते हुए चौकी प्रभारी सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को सौंपी गई है।

एसएसपी हरिद्वार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जनपद में किसी भी प्रकार के अवैध कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और साफ संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!