राजकुमार
हरिद्वार जनपद के रावली महदूद क्षेत्र में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग किए जाने की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मौके से कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से रिफिलिंग के लिए उपयोग किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान संबंधित अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही रिफिलिंग कार्य में प्रयुक्त एक वाहन को भी जब्त कर थाना सिडकुल के सुपुर्द किया गया है।
इस अभियान में पूर्ति निरीक्षक प्रकाश फर्तियाल, पूर्ति निरीक्षक अरुण सैनी एवं थाना सिडकुल पुलिस की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
