मंगलौर:- सड़क हादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक गंभीर घायल, इलाज के दौरान काटनी पड़ी टांग

ब्यूरो

रुड़की/मंगलौर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी एक टांग काटनी पड़ी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमांशु राणा, पुत्र लोकेश कुमार, निवासी नौसर हैदी मुस्त, छुटमलूर (सहारनपुर), जो रुड़की स्थित एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है, दिनांक 11 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 9 बजे अपनी मोटरसाइकिल (नंबर UP 11 CX 8269) से ऑफिस के कार्य से जा रहा था।

बताया जा रहा है कि जैसे ही वह लंढौरा-नागल इमरती पुल से आगे पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (नंबर UK 08 P 0430), जो तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी, ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशु राणा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए इलाज शुरू किया। लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी बाईं टांग काटनी पड़ी। फिलहाल उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
वहीं, मामले में मंगलौर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!