राजकुमार
हरिद्वार के थाना श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पेट्रोल की कालाबाजारी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 140 लीटर पेट्रोल बरामद किया है, जिसे अवैध रूप से बेचने की तैयारी की जा रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों, रसायन पदार्थों और अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना श्यामपुर पुलिस टीम ने 19 अप्रैल 2026 को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर लहरी मार्केट, गैण्डीखाता क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को मौके से दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 140 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ, जिसे अवैध तरीके से संग्रहित कर कालाबाजारी के लिए रखा गया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रकाश सिंह पुत्र स्वर्गीय सोहन सिंह निवासी लहरी मार्केट, गैण्डीखाता, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना श्यामपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी कार्रवाई
गौरतलब है कि श्यामपुर क्षेत्र में पेट्रोल की कालाबाजारी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पुलिस द्वारा इसी तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस अवैध ईंधन कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसने के मूड में है।
पुलिस का संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
