कुलदीप राय
दिल्ली/हरिद्वार।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर देशभर की समाजसेवा में अग्रणी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए 7 मार्च 2026 को दिल्ली के नजफगढ़ में एक भव्य राष्ट्रीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “नारी रत्न अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की कई महिलाओं ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाते हुए सम्मान प्राप्त किया।
इस अवसर पर The Always Care Foundation हरिद्वार की अध्यक्ष एवं भ्रष्टाचार एवं न्याय नियंत्रण संगठन की प्रदेश अध्यक्ष, योग गुरु मंजू बालियांन ने कहा कि “नारी तू जगजननी है, प्रेम की मूर्ति और साहस की पहचान है। नारी ही शक्ति का स्वरूप है, वह ममता, त्याग, धैर्य और साहस की प्रतिमूर्ति है। जिस घर और समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि स्वतः निवास करती है।”
समारोह में समाज सेवा, पत्रकारिता और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान हरिद्वार से जिला सचिव सुषमा शर्मा, सह सचिव कविता जैन, उपाध्यक्ष बिनु, निधि श्रीवास्तव, सबसे तेज प्रधान टाइम्स हरिद्वार की रिपोर्टर पूजा अरोरा, उदय उत्तराखंड न्यूज़ की रिपोर्टर रश्मि चमोली तथा LIC एजेंट चंद्रकांता को भी उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए नारी रत्न अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड से पहुंची महिलाओं ने पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में समारोह की शोभा बढ़ाई। सभी महिलाएं एक समान पीले रंग के परिधानों में उपस्थित हुईं, जो बेहद आकर्षक और मनमोहक दिखाई दे रही थीं। उनकी वेशभूषा ने कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों का भी ध्यान आकर्षित किया। पीले वस्त्रों में सजी महिलाएं मानो धरती पर खुशी, ज्ञान, सकारात्मक ऊर्जा और पवित्रता का संदेश बिखेरती नजर आ रही थीं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। समाज सेवा में सक्रिय इन महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए आयोजकों ने कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है।
The Always Care Foundation का मुख्य उद्देश्य समाज में बुजुर्गों का सम्मान करना, उन्हें सहयोग और प्रेम प्रदान करना तथा समाज को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने के लिए जागरूकता फैलाना है। संस्था लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में उत्तराखंड की महिलाओं द्वारा प्राप्त यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की जा रही है और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
