राजकुमार
रविवार देर रात हरिद्वार में एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। Motichur Flyover के पास चार वाहनों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसके बाद कई वाहनों में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की मुख्य वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात देहरादून–हरिद्वार हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे चार वाहन फ्लाईओवर के पास आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक वाहन में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए और काफी दूरी से ही घटनास्थल को देखने लगे।
रोडवेज बस जलकर हुई राख
हादसे में शामिल वाहनों में एक ट्रक, एक डंपर, एक एसयूवी कार और उत्तराखंड रोडवेज की बस बताई जा रही है। टक्कर के बाद एसयूवी कार का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि रोडवेज बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। हरिद्वार से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं रायवाला से आने वाली दमकल टीम को हाईवे पर लगे भारी जाम के कारण मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया और यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद देहरादून–हरिद्वार हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे देर रात तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराने का प्रयास किया।
घायलों को अस्पताल भेजा गया हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहनों के नियंत्रण खोने को माना जा रहा है।
