गाजियाबाद: हरियाणवी फिल्मों के मशहूर अभिनेता उत्तर कुमार को पुलिस ने रेप केस में गिरफ्तार कर लिया है। मामला उसी अभिनेत्री की शिकायत पर दर्ज हुआ है, जिसके साथ उत्तर कुमार ने कई वीडियो और फिल्मों में काम किया था।
पीड़िता ने गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उत्तर कुमार ने रिश्ते का फायदा उठाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसके अलावा पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान उत्तर कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
गौरतलब है कि पीड़िता ने कुछ दिन पहले लखनऊ में आत्मदाह का प्रयास भी किया था, जिसके बाद यह मामला और गंभीर हो गया। बताया जा रहा है कि 2020 में पीड़िता ने उत्तर कुमार के साथ एक हरियाणवी एल्बम में काम किया था, जिसके बाद से ही शारीरिक शोषण का सिलसिला शुरू होने का आरोप लगाया गया है।
