राजकुमार
हरिद्वार में चाइनीज मांझे के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं और आमजन के घायल होने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय, जनपद हरिद्वार के स्पष्ट आदेशों के क्रम में थाना ज्वालापुर पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रांतर्गत मोहल्ला लोधामंडी मेहतान में चाइनीज मांझा विक्रय करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने चाइनीज मांझा बेचते हुए अभियुक्त दानिश पुत्र तय्यब, निवासी मोहल्ला लोधामंडी मेहतान, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार को मौके से गिरफ्तार किया। अभियुक्त लंबे समय से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का अवैध रूप से विक्रय कर रहा था, जिससे क्षेत्र में राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों के घायल होने का गंभीर खतरा बना हुआ था।
लगातार बढ़ रही थीं घटनाएं
गौरतलब है कि चाइनीज मांझा अत्यंत धारदार होने के कारण आए दिन लोगों के गले, हाथ-पैर और चेहरे पर गंभीर कट लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई मामलों में यह मांझा जानलेवा भी साबित हो चुका है। खासकर पतंगबाजी के मौसम में इसकी बिक्री और उपयोग से दुर्घटनाओं में इजाफा देखा गया है।
सामाजिक संगठनों का आंदोलन
चाइनीज मांझे के खिलाफ सामाजिक संगठनों द्वारा भी लगातार धरना-प्रदर्शन और जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। संगठनों ने प्रशासन से इसकी बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस की इस कार्रवाई को सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने सराहा है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस तरह के कृत्य में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें और कहीं भी इसकी बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हरिद्वार पुलिस का संकल्प — जनसुरक्षा सर्वोपरि, कानून का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं।
पुलिस टीम
एसएसआई श्री खेमेन्द्र सिंह गंगवार
अ0उ0नि0 गंभीर तोमर
हेड कांस्टेबल गोवर्धन प्रसाद
कांस्टेबल गणेश तोमर
