हरिद्वार। जनपद में न्यायालय के समक्ष फर्जी जमानत दिलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पेशेवर जमानतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना सिडकुल में दर्ज इस मामले के बाद अब फर्जी तरीके से जमानत दिलाने वालों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। दिनांक 23 मार्च 2026 को रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय हरिद्वार में सीजेएम न्यायालय में “सरकार बनाम रोशन लाल” प्रकरण की सुनवाई के दौरान चार व्यक्ति अलग-अलग अभियुक्तों की जमानत लेने के लिए कोर्ट में प्रस्तुत हुए।
सुनवाई के दौरान—
- मुकेश कुमार उर्फ मोनू की ओर से जमानती के रूप में उज्ज्वल सिंह,
- रोशन लाल की ओर से नरेश प्रताप बहुगुणा व नरेश पुत्र चंद्रमण,
- तथा राजेश कुमार की ओर से कमलेश पुत्र देवी सिंह ने जमानत ली।
सभी जमानती हरिद्वार क्षेत्र के निवासी बताए गए।
लेकिन सुनवाई के दौरान न्यायालय के समक्ष यह तथ्य सामने आया कि ये सभी व्यक्ति पेशेवर जमानती हैं, जो अलग-अलग मामलों में बार-बार जमानत लेते रहे हैं।न्यायालय द्वारा प्रस्तुत कंप्यूटर रिकॉर्ड व जांच में पाया गया कि इन व्यक्तियों ने कई मामलों में जमानत ली है, लेकिन अपने शपथपत्र में इसका कोई उल्लेख नहीं किया। इस प्रकार इन्होंने न्यायालय को गुमराह करते हुए झूठा शपथपत्र प्रस्तुत किया, जो एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल में कमलेश, उज्ज्वल सिंह, नरेश सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
⚖️ पुलिस का सख्त संदेश:
कानून के साथ छल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अब तक दूसरों को जमानत दिलाने वाले ये लोग अब खुद के लिए जमानती ढूंढते नजर आएंगे।
