हरिद्वार:- दो पत्नियों का खर्च नहीं उठा पाया, बना झपटमार… पुलिस ने दबोचा

हरिद्वार। जनपद में अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह के स्पष्ट “जीरो टॉलरेंस” निर्देशों के तहत सिडकुल पुलिस ने एक झपटमारी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीने गए सोने के कुंडल एवं वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 मार्च 2026 को रोशनाबाद निवासी एक महिला द्वारा थाना सिडकुल में तहरीर दी गई थी कि अज्ञात बाइक सवार ने झपट्टा मारकर उसके कानों से सोने के कुंडल छीन लिए। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया और क्षेत्र में लगातार सुरागरसी अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की।

इसी क्रम में दिनांक 01 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक नजर आया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। सतर्कता दिखाते हुए पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नसीम मलिक बताया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी दो शादियां हैं, जिसके चलते उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसी कारण उसने झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से छीने गए सोने के कुंडल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में डिजिटल साक्ष्यों और सटीक सुरागरसी के चलते यह सफलता मिली है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!