राजकुमार
हरिद्वार: कोतवाली रानीपुर में तैनात आरक्षी सुमित जुयाल का आज तड़के इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार दिल्ली स्थित अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली, जिससे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट लाया गया। यहां पूरे पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी श्मशान घाट पहुंचे और दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। शोक संतप्त माहौल में सेरेमोनियल गार्द द्वारा शोक सलामी दी गई, जिससे माहौल और अधिक भावुक हो गया।
आरक्षी सुमित जुयाल वर्ष 2007 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और अपनी सेवाओं के दौरान उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी का परिचय दिया। वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ देहरादून के रायपुर क्षेत्र में निवास कर रहे थे।
उनके आकस्मिक निधन से परिवार, मित्रों और पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।
